
संवाददाता ( आदर्श सिंह )
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के स्वरूप नगर में नाबालिग लड़की से गैंगरेप और हत्या के मामले में पुलिस तीनों नाबालिग आरोपियों पर बालिग की तरह मुकदमा चलाने की अनुमति मांगने की तैयारी कर रही है। इसके लिए दिल्ली पुलिस जल्द ही जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड (JJB) का रुख कर सकती है। अधिकारियों के मुताबिक, यह कदम वारदात की प्रकृति और गंभीरता को देखते हुए विचाराधीन है। पुलिस मामले की जांच भी तेजी से पूरी कर जल्द चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी में है। अधिकारियों के अनुसार, करीब एक सप्ताह में चार्जशीट दाखिल करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी ने बताया कि लड़की उस पर शादी के लिए दबाव बना रही थी। इसी बात को लेकर उसने उसकी हत्या करने की बात कही है। हालांकि, पुलिस इस दावे को अभी अंतिम वजह नहीं मान रही है और इसकी स्वतंत्र रूप से जांच की जा रही है। पुलिस तीनों नाबालिग आरोपियों की उम्र को लेकर बोन ऑसिफिकेशन टेस्ट कराने पर भी विचार कर रही है, जिससे उम्र का अनुमान लगाया जाता है। लड़की की उम्र को लेकर भी पुलिस यह टेस्ट करा सकती है, क्योंकि परिवार की ओर से उसकी उम्र साबित करने वाले दस्तावेज अभी उपलब्ध नहीं हो पाए हैं।
हाथ के टैटू से हुई थी पहचान
वारदात के बाद लड़की की पहचान करना पुलिस के लिए शुरुआती दौर में मुश्किल रहा था। बाद में उसके हाथ पर बने टैटू की मदद से उसकी पहचान हो सकी। जांच के दौरान पुलिस ने उस टेंपो को भी बरामद कर लिया है, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर वारदात में हुआ था। टेंपो से मिले अंगूठी जैसे एक सामान ने भी पुलिस को जांच में कुछ सुराग दिए, जिसके आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिली।
प्रियंका गांधी का सरकार पर निशाना
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने आरोप लगाया कि महिलाओं को सुरक्षा, स्वतंत्रता और समानता का अधिकार देने में सरकार पूरी तरह विफल है। x पर पोस्ट मे कहा, दिल्ली में 17 साल की लड़की के साथ क्रूरता की सारी हदें पार कर दी गई और उसके बाद उसे बर्बरता से मार डाला गया। कुछ ही दिनों पहले एक और नाबालिग लड़की का बलात्कार किया गया। उन्होंने कहा, देश में महिला सुरक्षा के लिए कोई जिम्मेदारी लेने को तैयार ही नहीं है, महिलाओं के विकास की सिर्फ खोखली बाते की जाती है।
पीड़ित परिवार से मिलीं DCW अध्यक्ष
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष लता गुप्ता ने शनिवार को पीड़िता के घर जाकर परिवार से मुलाकात की। आयोग की सदस्य श्याम बाला के अलावा स्थानीय ACP और SHO भी मौजूद रहे। लता गुप्ता ने पीड़ित पिता को भरोसा दिलाया कि आयोग इस कठिन समय में परिवार के साथ है और उन्हें हरसंभव सहायता और सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से जांच और अब तक की कार्रवाई के संबंध में जानकारी ली और परिवार को जल्द से जल्द न्याय दिलाने के लिए जरूरी समन्वय सुनिश्चित करने पर जोर दिया। गुप्ता ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना आयोग की प्राथमिकता है।
