
संवाददाता ( आदर्श सिंह )
नई दिल्ली: NDMC ने लोगों को इलेक्ट्रिक गाड़ियां खरीदने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण घोषणा की है। इसके तहत EV की पार्किंग फीस में 50 परसेंट की छूट का फैसला किया है। NDMC की लगभग 155 पार्किंग साइट्स पर यह छूट मिलेगी। सोमवार को हुई बैठक में इस प्रस्ताव को पास किया गया। बैठक खत्म होने के बाद चेयरमैन मनोज कुमार द्विवेदी और डिप्टी चेयरमैन कुलजीत सिंह चहल ने इस प्रस्ताव के बारे में डिटेल में बताया।
NDMC के डिप्टी चेयरमैन कुलजीत सिंह चहल ने बताया कि पेट्रोल डीजल पर हाल ही में पैदा हुए संकट के बाद इस समय जो भी लोग नई गाड़ी खरीदना चाह रहे हैं उनमें से कई इलेक्ट्रिक कार खरीदना तो चाहते हैं, लेकिन कीमत ज्यादा होने के कारण वे अपने फैसले पर विचार करते हैं। उन्होंने कहा कि अगर लोगों को सस्ती पार्किंग मिलेगी तो वह EV की ओर प्रोत्साहित होंगी।
NDMC में जल्द स्मार्ट पार्किंग, मोबाइल से मिलेगी खाली जगह की जानकारी
चहल ने बताया कि इसके साथ-साथ NDMC इलाके में पार्किंग को आधुनिक और तकनीकी आधारित बनाने के लिए इंटेलिजेंट इंटीग्रेटेड पार्किंग सिस्टम (IIPS) यानी स्मार्ट पार्किंग व्यवस्था शुरू करने की तैयारी भी की जा रही है। इसके लिए NDMC की ओर से दोबारा रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (RFP) आमंत्रित करने का प्रस्ताव है। साथ ही पार्किंग फीस में बदलाव करने की योजना तैयार की जा रही है। प्रस्तावित स्मार्ट पार्किंग व्यवस्था के तहत पार्किंग तलाश में वक्त बर्बाद नहीं होगा। मोबाइल और अन्य डिजिटल माध्यमों से पार्किंग में उपलब्ध जगह की जानकारी मिल सकेगी। इसके अलावा लोग पहले से पार्किंग की बुकिंग और डिजिटल भुगतान भी कर सकेंगे।
NDMC की बैठक में कई प्रस्तावों को सहमति
पालिका आदर्श परीक्षा केंद्र बनेगा
नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) की बैठक में अत्याधुनिक सुविधाओं वाला कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट सेंटर (CBT) बनाने का फैसला किया गया है। बैठक में डार्क स्पॉट खत्म करने के लिए 18.26 करोड़ का बजट उपलब्ध कराने पर भी सहमति बनी। बैठक की अध्यक्षता दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने की। उन्होंने मनोज कुमार द्विवेदी को NDMC चेयरमैन पद की शपथ दिलाई। बैठक में सांसद बांसुरी स्वराज, NDMC के वाइस चेयरमैन कुलजीत सिंह चहल, विधायक और सदस्य वीरेंद्र सिंह कादियान समेत सीनियर अधिकारी उपस्थित रहे।
18.26 करोड़ खर्च करके डार्क स्पॉट किए जाएंगे खत्म
चहल ने बताया कि जहां पर्याप्त रोशनी नहीं है, वहां नई ऑक्टागोनल स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। चहल ने बताया कि NDMC द्वारा मोती बाग में कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट सेंटर बनाया जाएगा। इस सेंटर का नाम ‘पालिका आदर्श परीक्षा केंद्र’ होगा। इस केंद्र में विद्यार्थियों की कंप्यूटर आधारित परीक्षाएं आयोजित की जा सकेंगी। वहीं धोबी घाट के पानी के उपभोक्ताओं के लिए एक बार की माफी योजना लाई गई है।
CP के बदले जाएंगे एस्केलेटर
चहल ने बताया कि कनॉट प्लेस के पुनर्विकास के दौरान साल 2010 में कुल 22 एस्केलेटर लगाए गए थे। प्रस्ताव में शामिल सात एस्केलेटर अब पूरी तरह बंद हो चुके हैं और इन्हें ठीक करने के लिए कई बड़े हिस्सों को बदलना पड़ेगा।
आयुष हॉस्पिटल बनेगा
चहल ने बताया कि सरोजिनी नगर में 50 बेड का आयुष हॉस्पिटल और शोध केंद्र बनेगा। यह परियोजना आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय और NDMC की 50:50 साझेदारी में प्रस्तावित है। हॉस्पिटल के निर्माण पर करीब 55 करोड़ खर्च होने का अनुमान है।
