दिल्ली के कालकाजी में प्रॉपर्टी डीलर की संदिग्ध हालात में मौत, दो महिलाओं समेत तीन आरोपी पकड़े गए

संवाददाता ( आदर्श सिंह )

कालकाजी: साउथ ईस्ट जिले के कालकाजी के एल-S इलाके में हुई झड़प में प्रॉपर्टी डीलर मंजीत सिंह उर्फ बंटी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि कई लोगों ने उन्हें घेरकर लात-घूसों और डंडों से बेरहमी से पीटा। गंभीर हालत में उन्हें एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर 2 महिलाओं समेत 3 को पकड़ा है। पुलिस बाकी आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

क्या आया पुलिस जांच में

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच पहले इमारत के बाहर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते विवाद हाथापाई में बदल गया। आरोप है कि इसी दौरान कई लोगों ने मंजीत को घेर लिया और उनकी पिटाई शुरू कर दी। हमलावरों ने लात-घूसों के अलावा डंडों से भी हमला किया। मारपीट के बाद मंजीत को बेसुध हालत में इमारत के बाहर छोड़ दिया गया।

भाई बचाने पहुंचा तो उसे भी पीटा

मंजीत के छोटे भाई दिलबाग सिंह ने बताया कि एक जानकार ने फोन कर उन्हें मंजीत के साथ मारपीट होने की जानकारी दी थी। इसके बाद वह अपनी बहन के साथ मौके पर पहुंचे। वहां मंजीत सड़क पर बेसुध पड़े थे। जब उन्होंने वहां एक महिला को रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने उन्हें रोड पर गिराकर पीटा। बहन ने उन्हें बचाया। इसके बाद दोनों भाइयों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मंजीत को मृत घोषित कर दिया। इलाज के बाद दिलबाग को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

जांच जारी

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मंजीत ग्राउंड फ्लोर स्थित फ्लैट में निर्माण कार्य करवा रहे थे। यह फ्लैट उनकी पार्टी का बताया जा रहा है। तीसरी मंजिल पर रहने वाले लोगों ने निर्माण कार्य का विरोध किया। इसी बात को लेकर नीचे आकर बहस हुई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x