
संवाददाता ( आदर्श सिंह )
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास 17 वर्षीय नाबालिग से कथित गैंगरेप के मामले में दिल्ली पुलिस ने एक आरोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को आरोपी को पकड़ने के दौरान पुलिस के साथ संक्षिप्त मुठभेड़ हुई है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह सामूहिक दुष्कर्म के एक आरोपी के जानकारी मिली। जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए जाल बिछाया। इसके बाद पुलिस और आरोपी के बीच संक्षिप्त फायरिंग हुई, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं अन्य दो आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।
नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म
पुलिस ने बताया कि शिकायत के मुताबिक लड़की सोमवार शाम करीब सात बजे अपने दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर गई थी। अधिकारियों ने बताया कि पूजा-अर्चना करने के बाद दोनों शाम करीब 7.30 बजे एक पार्क में चले गए, जहां 25 से 30 वर्ष की आयु के तीन आरोपी कथित तौर पर उनके पास आए और उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताया।
आरोपियों ने कथित तौर पर दोनों को धमकी दी और उनमें से एक ने लड़की के दोस्त को पकड़ लिया, जिसके बाद तीनों व्यक्तियों ने लड़की के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि कालकाजी मंदिर और इस्कॉन मंदिर के पास कथित दुष्कर्म के संबंध में रात करीब 8.45 बजे सूचना मिली, जिसके बाद एक पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दिल्ली निवासी लड़की को चिकित्सीय जांच के लिए ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि उसके बयान के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
आसपास के सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
पुलिस आरोपियों की पहचान करने और घटनाओं के क्रम को सत्यापित करने के लिए पार्क और आसपास के इलाकों की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस ने कहा कि कानून के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
